अद्वितीय जसप्रीत
जो रूट स्ट्राइक पर हैं। बुमराह लगातार गुड लेंथ पर गेंदबाज़ी कर रहे हैं। पहली गेंद पांचवें स्टंप की लाइन में गिरकर रूट की तरफ़ आती है। रूट आसानी से खेलते हैं। दूसरी गेंद भी लगभग वहीं गिरती है और जो रूट की तरफ़ आती है। रूट दुबारा आसानी से खेलते हैं। गेंद प्रति गेंद बुमराह पांचवें स्टंप से चौथे स्टंप की ओर आते रहते हैं। जो रूट पहले की तरह आसानी से खेल रहे होते हैं। अचानक गेंद चौथे स्टंप पर गिरने के बाद पांचवें स्टंप की ओर सीम हो जाती है और जो रूट धराशाई हो जाते हैं। गेंद उनके बल्ले को चूमती हुई विकेट कीपर के दस्तानों में पहुँच जाती है।
बुमराह का नैसर्गिक कोण अंदर की ओर है। वो बिना रुके अंदर आने वाली गेंद डाल सकते हैं और डालते रहते हैं। ऐसे में बल्लेबाज़ उनकी अंदर की ओर आने वाली गेंद के लिए तैयार रहता है। सब कॉन्टिनेंट की पिच पर बल्लेबाज़ निश्चिंत हो कर यह काम कर सकता है। क्योंकि ऐसी पिच पर गेंद को बाहर ले जाना बहुत मुश्किल काम है। लेकिन बुमराह गुणी गेंदबाज़ हैं। उन्होंने इस मुश्किल को अपने लिए आसान कर लिया है। लेकिन आसान होने का अर्थ यह नहीं कि वो लगातार इस गेंद का इस्तेमाल करते हैं। बल्लेबाज़ को अंदर की ओर खिलाते रहते हैं। उसको अपने चक्र व्यूह में लाते रहते हैं। गेंद प्रति गेंद बल्लेबाज़ की मन: स्तिथि को समझते रहते हैं। और जैसे ही बल्लेबाज़ अंदर की तरफ़ आने वाली गेंदों पर सहज हो जाता है, एक गेंद बाहर की तरफ़ ले जाते हैं।
खेल की सही समझ से ही आम गेंदबाज़, बेहतर बनता है। सिर्फ़ अलग एक्शन होने से कोई गेंदबाज़ नहीं बन जाता। ऐसे सभी गेंदबाज़ जिन की प्रतिभा के साथ एक्शन को जोड़ा जाता है, वो सभी खेल की शानदार समझ रखते हैं। मलिंगा, मुरलीधरन और बुमराह सरीखे गेंदबाज़ इसकी मिसाल हैं।
#bumrah #TestCricket #indvseng #cricketblog #fastbowling
Comments
Post a Comment